कुलपहाड़ (महोबा)। मोहल्ला गोविंदनगर में रविवार को किडनी की बीमारी से परेशान युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच कर परिजन से जानकारी ली।
मोहल्ला निवासी पिता रामबाबू प्रजापति उर्फ रम्मू ने बताया कि बेटा भगवानदास (42) दो साल से अधिक समय से किडनी की बीमारी से परेशान था। बेटे का जनपद झांसी और ग्वालियर में इलाज चल रहा था लेकिन उसे आराम नहीं लगा रहा था। इससे वह परेशान रहता था। परिवार मेहनत-मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। रविवार की सुबह भगवानदास की पत्नी रामसखी मजदूरी करने गई थी।
घर पर कोई नहीं था। इसी दाैरान भगवान दास ने फंदा लगा लिया। उसके दो बेटे धीरेंद्र, सोनू व बेटी कंचन है। बड़ा बेटा धीरेंद्र बाहर मजदूरी करता है जबकि सोनू व कंचन पढ़ाई कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।