जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में दिन प्रतिदिन बढ़ोत्तरी हो रही है। इस समय जिला अस्पताल सहित प्राइवेट क्लीनिकों में डायरिया व वायरल के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है। शनिवार को तेज बुखार की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई। डायरिया की चपेट में आकर अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोग काल के गाल में समा चुके हैं।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला के ग्राम पाठा निवासी हरीदास (70) पुत्र सुक्का सेन तीन दिन से उलटी दस्त व तेज बुखार से पीड़ित था। परिजन हरीदास का इलाज एक प्राइवेट क्लीनिक में करा रहे थे। शनिवार को हरीदास की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार, थाना श्रीनगर के ग्राम ज्योरइया निवासी बुच्चा (65) पुत्र कल्लू की तेज बुखार की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों का अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल रहा।
झमाझम बारिश के बाद तेज धूप निकलने से संक्रामक बीमारियों के मरीजों में तेजी से इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ जुट रही है। सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइन लगना शुरू हो जाती है। कई मरीजों का उपचार इमरजेंसी वार्ड में किया जा रहा है।
बारिश के बाद तेज धूप निकलने से संक्रामक बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी हैं। जिला अस्पताल में समय से डाक्टरों को बैठने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों का उपचार प्राथमिकता से हो रहा है। बारिश के मौसम में खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।
- डा. उदयवीर सिंह, सीएमओ, जिला अस्पताल महोबा।