पंचायत चुनाव में ड्यूटी से गायब रहने वाले सात सफाई कर्मचारियों को जिला पंचायत राज अधिकारी मायाशंकर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही स्पष्टीकरण मांगा हैं। डीपीआरओ की इस कार्रवाई से सफाई कर्मचारियों में खलबली मच गई है।
13 दिसंबर को पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए चारो ब्लाकों में लगाए गए मतगणना कर्मचारियों ने समय से मतगणना स्थल पर पहुंचकर गणना की। वहीं ब्लाक चरखारी में मतगणना कर्मचारियों के लिए स्ट्रांग रूम से मतपेटियां लाने और ले जाने के लिए दो दर्जन से ज्यादा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लगाया गया था, जिसमें से खरेला देहात में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात अनंत कुमार और ग्राम सूपा में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात रमेश चंद्र ड्यूटी पर नहीं थे। जिसकी रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी को भेजी गई, जिस पर डीपीआरओ ने दोनों सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
ब्लाक जैतपुर में स्ट्रांग रूम से मतपेटियां लाने और ले जाने के लिए खिरियाकला में तैनात सफाई कर्मचारी सुरेश प्रताप, बछेछरकला में तैनात राजेश कुमार, मुहारी में तैनात भरतलाल, खिरियाखुर्द में तैनात राजकुमार और जैतपुर में में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात उमाशंकर सहित पांच सफाई कर्मचारियों को लगाया गया था, लेकिन पांचों सफाई कर्मचारी ड्यूटी से गायब हो गए। कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर ब्लाक जैतपुर के पांचों सफाई कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव ने निलंबित कर दिया है।