गुलाबी महिला उत्थान समिति संगठन ने जिले के किसानों की समस्याओं को उठाते हुए गुरुवार को कचहरी परिसर में धरना दिया। बाद में एक सैकड़ा महिलाओं ने डीएम आवास पहुंचकर जमकर नारेबाजी करते हुए नौ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर निस्तारण की मांग की।
कचहरी परिसर में धरना को संबोधित करते हुए गुलाबी महिला उत्थान संगठन की जिलाध्यक्ष सुमन सिंह चौहान ने कहा कि जिले में सूखे के चलते किसानों को एक समय का भोजन भी नहीं मिल पा रहा है। जिले में रोजगार के साधन न होने से किसानों को शहरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लूटतंत्र हावी है और जनहित की आड़ में खेल खेलकर नया कीर्तिमान हासिल किया जा रहा है। धरने के बाद एक सैकड़ा महिलाएं डीएम आवास पहुंची और जमकर नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया गया कि जिले के गरीब परिवारों के जीवन यापन करने के लिए अंत्योदय व बीपीएल कार्ड जारी कर सस्ते दरों पर राशन उपलब्ध कराया जाए। खाद्य सुरक्षा योजना से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब वर्ग के लोगों को लाभान्वित किया जाए। बिजली की बढ़ाई गई दरों को कम किया जाए।
महिलाओं को रोजगारपरक योजनाओं से जोड़कर उन्हें रोजगार मुहैया कराया जाए। उन्होंने बताया कि निर्मल भारत अभियान के तहत बनाए जा रहे शौचालय निर्माण योजना अधर पर लटकी हुई है, योजना को युद्ध स्तर पर चलाया । इस मौके पर संगठन जिलाध्यक्ष के अलावा राजकुमारी वर्मा, मीना, पार्वती, हुस्ना जहां, ललिता सिंह, जुगनू सहित तमाम महिलाएं मौजूद रहीं।