महोबा। नहरों में पानी छोड़े जाने समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन आंदोलित हो गया है। शनिवार को यूनियन के बैनर तले 50 से अधिक किसानों ने कलक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन कर विरोध जताया। बाद में एडीएम न्यायिक सुखवीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर समस्या का निस्तारण कराए जाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष रामखिलावन के नेतृत्व में महिला मोर्चा अध्यक्ष माधुरी दीक्षित, रामसागर अवस्थी, स्वामी प्रसाद, मुन्ना सिंह, ईश्वरी तिवारी आदि ने कहा कि महेबा से छानी होते हुए तमौरा गांव को जाने वाली पुरानी नहर में पानी छोड़ा जाए ताकि किसान समय से पलेवा कर खेतों में बोआई कर सकें। बताया कि कबरई के राजेंद्रनगर, भगत सिंह नगर आदि मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में कलशहा बाबा के पास टंकी का निर्माण पूरा कराकर नियमित जलापूर्ति शुरू की जाए। उन्होंने कबरई में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, केंद्रीय विद्यालय से दिसरापुर जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने और तमौरा के किसानों को बैंक से ऋण दिलाए जाने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर वृहद आंदोलन किया जाएगा।