महोबा। कानपुर- सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में रेलवे पुल से दो किमी आगे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत चिंताजनक है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जिसकी वजह से सिर पर गंभीर चोटें आईं है।
जनपद झांसी के हड्डीगढ़ निवासी अमर बाल्मीकि (35) अपने साथी निखिल के साथ बाइक से महोबा आ रहा था। हाईवे में छतरपुर रोड पर रेलवे पुल के आगे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात चालक वाहन समेत भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने अमर बाल्मीकि को मृत घोषित कर दिया। जबकि निखिल का इलाज चल रहा है। कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार दुबे ने बताया कि मृतक व घायल के परिजनों से संपर्क किया गया है। परिवार के सदस्य महोबा आ रहे हैं। दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।