महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) प्रशासन ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा 20 सितंबर कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गई थी लेकिन विद्यार्थियों की ओर से तिथि बढ़ाने की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
जनपद के 23 निजी और चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। जनपद के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर पढ़ाई करते हैं। बीयू के कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में 33 विषयों में पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है।
इच्छुक अभ्यर्थी अब 20 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि छात्रों को अतिरिक्त अवसर देने के उद्देश्य से आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
16 कोर्स के द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट जारी
महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी ने 16 पाठ्यक्रमों के द्वितीय सेमेस्टर का रिजल्ट जारी कर दिया है। विद्यार्थी ऑनलाइन परिणाम देख सकते हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि एमपीईएस, बीपीईडी, बीएफए (ड्राइंग व पेंटिंग), एमएफए (पेंटिंग) और एमएफए (एप्लाइड आर्ट्स), बीएफए (कमर्शियल आर्ट्स), बीएससी (ऑनर्स) बायोमेडिकल साइंस व एमएससी बायोमेडिकल साइंस के परिणाम जारी कर दिए हैं। बीटेक (बायोमेडिकल इंजीनियरिंग), बीबीए (टूरिज्म), एमबीए (टूरिज्म), बीबीए (ऑनर्स), एमए (एमसीजे), एमएससी (फूड टेक), एमएससी (एजी) प्लांट पैथोलॉजी और बीएससी (ऑनर्स) फूड टेक के परिणाम भी जारी किए गए हैं।