महोबा। शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मंडलीय माध्यमिक विद्यालयीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
लोकगीत, लोक नृत्य व एकांकी में बच्चों ने बुंदेली लोक संस्कृति पर प्रस्तुतियां दीं। सामूहिक लोकगीत गायन में डीएवी व जीजीआईसी अव्वल रहा। विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंडलीय प्रतियोगिता में बालक वर्ग की कव्वाली में डीएवी इंटर कॉलेज अव्वल रहा जबकि बालिका वर्ग में जीजीआईसी ने बाजी मारी। बालक वर्ग के समूह लोक गीत गायन में डीएवी और बालिका वर्ग में जीजीआईसी को पहला स्थान मिला। भावगीत में जीजीआईसी, समूह लोक नृत्य में मुकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज और बालिका वर्ग में जीजीआईसी विजेता रहे।
एकांकी बालक वर्ग में जीजीआईसी महोबा ने बाजी मारी। निर्णायक की भूमिका त्रिलोक प्रताप सिंह व संगीताचार्य जगप्रसाद तिवारी ने निभाई। इस मौके पर कॉलेज की प्रधानाचार्या आशी सिंह, रश्मि श्रीवास्तव, रामकृपाल अहिरवार, वेदप्रकाश द्विवेदी, निधि सेन, धनीराम वर्मा आदि मौजूद रहे।