महोबा। शहर के गांधीनगर में जमीनी विवाद को लेकर बहू ने परिजनों के साथ ससुर व पति को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में पिता-पुत्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बहू समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधीनगर निवासी सेवानिवृत्त हैड कांस्टेबल लल्लूराम और उसके बेटे राकेश का अपनी ही बहू से जमीनी विवाद चला आ रहा है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बुधवार को एक बार फिर बहू घर आई और मकान में ताला डालने लगी। विरोध करने पर वह वहां से चली गई। इसके बाद पति राकेश अपने पिता के साथ मुकदमा के संबंधित जानकारी लेने के लिए अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार के घर पहुंचा। जहां बहू पिंकी अपने परिजनों व अन्य लोगों के साथ दो वाहनों से वहां पहुंच गई और पति व ससुर की लाठी और लातघूसों से मारपीट की। अधिवक्ता व अन्य लोगों के बीच-बचाव कराने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। मारपीट के दौरान अधिवक्ता के घर का दरवाजा भी टूट गया। बाद में घायल पिता-पुत्र जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पिता की हालत गंभीर बनी हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बहू पिंकी, उसके पिता रामअवतार, भाई प्रदीप व एक अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।