थाना खन्ना की दलित बस्ती रतवा पुरवा के ग्रामीण आजतक बिजली, पानी, सड़क से वंचित है। इससेे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जल्द से जल्द समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
दलित बस्ती रतवा पुरवा निवासी रामदयाल, हुकुम सिंह, रामआसरे, जयपाल, कलेश कुमार, रामऔतार, छत्रपाल, किशोरी, मनोज कुमार, रामदयाल सहित दो दर्जन ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह को दिए ज्ञापन में बताया कि 1986 से किसी भी विभाग ने दलित बस्ती में पानी, बिजली, सड़क आदि समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया है।
कई बार इस बावत अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन किसी अधिकारी ने आजतक ग्रामीणों की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया। रोशनी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों के घर में जहरीले कीड़े के काटने का खतरा बना रहता है। दलित बस्ती में मूलभूत सुविधा न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल सड़क, बिजली, पानी आदि सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है।