महोबा/कबरई। कबरई ब्लॉक की ग्राम पंचायत मोचीपुरा के गौहारी खोड़ा में गांव के 150 से अधिक ग्रामीणों के परिजनों का डाटा वर्ष 2003 की वोटरलिस्ट से गायब है। ऐसे में उनके एसआईआर फार्म मैपिंग पर संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंच जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए समस्या से समाधान की मांग की।
गौहारी खोड़ा निवासी ग्रामीण अशोक वर्मा, श्यामकरण, नवलकिशोर, शिवकली, दशरथ वर्मा, जानकी, कलिया, रामसेवक, हरीराम आदि ने बताया कि वह तीन दशक पहले से ही सभी चुनावों में मतदान करते आए हैं लेकिन उनके पूरे मजरे की वर्ष 2003 की वोटरलिस्ट गायब है। ऐसे में एसआईआर के तहत वर्ष 2003 का डाटा देने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के विरोध के बीच बीएलओ शिवनारायण वर्मा ने बताया कि मोचीपुरा पंचायत के दो मजरे बघवा खोड़ा और गौहारी खोड़ा हैं। इनमें से बघवा खोड़ा की सूची मिल चुकी है जबकि काफी प्रयास के बाद भी गौहारी खोड़ा की वोटरलिस्ट अब तक प्राप्त नहीं हो सकी है। इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है।
ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि सूची समय पर नहीं मिली तो चुनाव आयोग के एप में उनकी मैपिंग नहीं हो सकेगी। इसलिए बाद में नोटिस मिलने पर अपने दस्तावेज लेकर उन्हें अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ेंगे। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान करने की मांग की है।