कबरई (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे पर अलीपुरा गांव के पास मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर व डीसीएम में भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक की दबकर मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से अलग कराकर यातायात बहाल कराया।
महोबा के मोहल्ला शेखूनगर निवासी श्रीराम प्रजापति (30) दोपहर करीब एक बजे ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर पत्थरमंडी कबरई जा रहा था। तभी हाईवे पर सामने से आ रही डीसीएम से भिड़ंत हो गई। रफ्तार अधिक होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और चालक नीचे दब गया। दुर्घटना के बाद राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दब चालक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। हाईवे पर बीच सड़क दुर्घटना होने से जाम की स्थिति बन गई। क्षतिग्रस्त वाहन सड़क में खड़े होने से आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली व डीसीएम को सड़क किनारे कराया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि डीसीएम और ट्रैक्टर की भिड़ंत में युवक की मौत हुई है। दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।