महोबा/चरखारी। कोतवाली चरखारी के फत्तेेपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
थाना कबरई के विशालनगर निवासी गोली प्रसाद कुशवाहा ने अपनी पुत्री संजू देवी की शादी एक मई 2019 को चरखारी के फत्तेपुर निवासी राजकुमार के साथ की थी।
शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था लेकिन शादी के बाद से ससुरालीजन 50 हजार रुपये, फ्रिज, वॉशिंग मशीन व मायके में हिस्सा मांगने लगे।
मांग पूरी न होने पर मारपीट व घर से निकालने की धमकी दी गई। पीड़िता संजू ने पांच फरवरी 2022 को कोतवाली चरखारी में पति समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट व दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज कराया था।
शनिवार की रात संजू देवी (22) की अचानक हालत बिगड़ गई। पति उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया। जहां डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता गोली प्रसाद ने दहेज की मांग को लेकर बेटी की हत्या किए जाने का ससुरालियों पर आरोप लगाया है।
मृतका अपने पीछे नौ माह की पुत्री अनुष्का छोड़ गई है।
उधर कोतवाली प्रभारी उमापति मिश्र का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।