महोबा। ग्राम चंद्रपुरा में गालीगलौज का विरोध करने पर दबंग ने दंपति समेत तीन लोगों को डंडे से पीटकर घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम चंद्रपुरा निवासी विश्वनाथ गुरुवार की देरशाम अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। तभी गांव का ही राजबहादुर पाल हाथ में डंडा लेकर वहां आ धमका और गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दबंग ने विश्वनाथ पर हमला कर दिया। शोर सुनकर विश्वनाथ की पत्नी सुमित रानी व पुत्री पूनम बीच-बचाव करने दौड़ पड़ीं। इससे दबंग ने उनको भी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पीड़ितों ने शहर कोतवाली पहुंच घटना की तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजबहादुर के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस जांच कर रही है।