श्रीनगर (महोबा)। कानपुर-सागर हाइवे में सूरा चौकी के समीप तेज रफ्तार स्कार्पियो कार ने साइकिल सवार छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे चालक को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
थाना श्रीनगर के ग्राम तिंदौली निवासी रिंकी (16) पुत्री सुखदेव राजपूत राजकीय हाईस्कूल सिजहरी में कक्षा नौंवी की छात्रा थी। बुधवार की सुबह वह साइकिल से स्कूल गई और छुट्टी होने पर वापस घर लौट रही थी। तभी हाइवे में सूरा चौकी के समीप छतरपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे छात्रा उछलकर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर एकत्र हुए लोगों ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच की। दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे स्कॉर्पियो चालक का पुलिस ने पीछा किया और यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित कैमाहा बार्डर से स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेते हुए कार को श्रीनगर थाने में खड़ा कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना से छात्रा के परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस दुर्घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।