महोबा। मंगलवार को हनुमान जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई। महावीरन, बजरंगबली व बालाजी हनुमान मंदिर में भक्तों ने विधि विधान से आराधना कर परिवार की खुशहाली मांगी। कोरोना महामारी से मुक्ति दिलाने की कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नंगे पांव गोरखगिरि की पांच किलोमीटर की परिक्रमा की। परिक्रमा के दौरान भक्तों ने कोविड नियमों का पालन किया। वहीं, कोरोना संक्रमण बढ़ने से तमाम भक्तों ने घरों में ही हनुमान चालीसा, बजरंग बाण व सुंदरकांड का पाठ कर पूजा अर्चना की।
गोरखगिरि परिक्रमा सुबह साढ़े पांच बजे शिवतांडव मंदिर से शुरू हुई। ओम नम: शिवाय के जयकारों के साथ भक्त पठवा के बाल हनुमान मंदिर पहुंचे। इसके बाद महावीरन, बजरंगबली व बालाजी हनुमान मंदिर पहुंचकर भक्तों ने शीश झुकाया। गोरखगिरि परिक्रमा मार्ग में शनिदेव, काली माता, छोटी चंद्रिका मंदिर, राधा-कृष्ण, नाग देवता, सकरे सन्या व काल भैरव मंदिर भी है। गोरखगिरि के ऊपर सिद्ध बाबा, नागराज व संकटा देवी के मंदिर हैं। सभी मंदिरों में भक्तों ने पूजा अर्चना की। परिक्रमा के दौरान गया प्रसाद, आशुतोष, प्रवीण चौरसिया, राम किशन सेन, प्रहलाद पुरवार व अवधेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
उधर, जिले के अन्य हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने आराधना कर सुख समृद्धि का कामना की। शहर के रोडवेज बस स्टैंड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर, बजरंग चौक स्थित बजरंगबली मंदिर, काकुन के प्राचीन हनुमान मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। बजरंग चौक स्थित मंदिर में सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। इस मौके पर महंत सुरेंद्र दास, रामेश्वर दास, कौशेंद्र दास, हनुमान मंदिर के संरक्षक शिवकुमार गोस्वामी, अशोक शुक्ला, ओम नारायण, प्रेमनारायण मौजूद रहे।