महोबा। चरखारी के मेला मैदान में 26 मई से बुंदेलखंड युवा महोत्सव का आयोजन होगा। 15 दिन तक चलने वाले युवा महोत्सव में बुंदेली लोक संस्कृति की झलक दिखाई देगी। महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल मेला मैदान का निरीक्षण कर जिम्मेदारों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बुंदेलखंड युवा महोत्सव में हॉकी, साहित्य समागम, लोककला, लोक संगीत, थियेटर व फिल्म महोत्सव से संबंधित कार्यक्रम होंगे। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ने तैयारियों को लेकर एसडीएम राकेश कुमार व पालिका चेयरमैन मूलचंद्र अनुरागी के साथ मेला मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल व थियेटर का निरीक्षण किया। थियेटर के एक हिस्से में चल रहे एफसीआई के गोदाम को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम संयोजक जगदीश शिवहरे ने बताया कि महोत्सव में बुंदेली गीत, राई, ढ़िमराई, होली गीत व आल्हा गायन के कई रूप देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि एक टापरा टाकीज बनाकर फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।