महोबा। महारानी मुकुंद सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को गुप्त नवरात्रि के मौके पर भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए चुनरी यात्रा शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर पहुंची। मां के दरबार में चुनरी चढ़ाई गई। चुनरी यात्रा में ढोल-नगाड़ों व डीजे की धुन पर श्रद्धालु थिरकते हुए चल रहे थे। इस दौरान माता रानी के जयकारे से माहौल गूंजता रहा।
शहर के पुराने रामलीला मैदान से चुनरी यात्रा निकाली गई। यह यात्रा सुभाष चौक, ऊदल चौक, सराफा बाजार, कोतवाली, हवेली दरवाजा व भटीपुरा होते हुए बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर पहुंची। चुनरी यात्रा के दौरान महिलाएं व युवतियां सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं।
मातारानी के जयकारों के बीच बज रहे भक्तिगीतों पर महिलाएं थिरकती हुई चल रही थीं। बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ मातारानी को चुनरी चढ़ाई गई। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष दिलाशा तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला प्रचारक पुनीत के अलावा नीतू श्रीवास्तव, विभा पुरवार, दिपाली तिवारी, सौरभ तिवारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।