फोटो 22 एमएएचपी 25 परिचय-जवान राकेश यादव (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
कुलपहाड़ (महोबा)। जनपद के रावतपुरा गांव निवासी सीआरपीएफ के जवान ने मंगलवार की रात फंदा लगाकर जान दे दी। वर्तमान में वह मध्यप्रदेश के कस्बा नौगांव में रह रहे थे। हालांकि अभी तक आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली कुलपहाड़ के रावतपुरा निवासी राकेश यादव (43) सीआरपीएफ में जवान थे। वर्तमान में वह एमपी के परम कॉलोनी नौगांव में रहते थे। 13 जुलाई को बेटी की सगाई का कार्यक्रम होने के चलते वह अवकाश लेकर घर आए थे। 27 जुलाई को ड्यूटी पर वापस जाना था। मंगलवार की रात उन्होंने कमरे में पंखे के हुक से गमछे का फंदा लगा लिया। बुधवार की सुबह जब परिजन कमरे में पहुंचे तो फंदे पर शव लटकता देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव रावतपुरा गांव पहुंचा तो हर कोई गमगीन हो गया। बेटे अमन ने बताया कि पिता वर्तमान में राजधानी दिल्ली की तिहाड़ जेल में तैनात थे। वह बहन की सगाई कार्यक्रम में अवकाश लेकर आए थे। घर पर किसी प्रकार की कोई चर्चा नहीं हुई। पिता ने यह कदम क्यों उठाया, यह किसी के समझ नहीं आ रहा है।