फोटो 22 एमएएचपी 12 परिचय-पीसीएफ गोलाघाट में खाद वितरण का निरीक्षण करते एसडीएम अवनीश तिवारी। संव
चरखारी (महोबा)। पर्याप्त खाद न मिलने से परेशान किसानों की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। कस्बा चरखारी के खाद वितरण केंद्र पीसीएफ गोलाघाट में बृहस्पतिवार को खाद लेने के लिए करीब दो हजार किसान जुटे। घंटों इंतजार के बाद करीब एक हजार किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
खाद वितरण की सूचना पर सुबह से ही पीसीएफ गोलाघाट में किसानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते समिति के बाहर महिला व पुरुष किसानों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर एसडीएम अवनीश तिवारी ने अपर जिला कृषि अधिकारी सियाराम गुप्ता के साथ खाद वितरण केंद्र पीसीएफ गोलाघाट का निरीक्षण किया और वितरण के बारे में जानकारी ली। मौके पर एक हजार बोरियों का वितरण किया जा रहा था। किसानों को टोकन से खाद वितरण की व्यवस्था रही। समिति पर पुलिस बल के साथ ही लेखपाल भी तैनात रहे लेकिन दो हजार से अधिक किसानों के पहुंचने से करीब एक हजार किसानों को बिना खाद के लिए लौटना पड़ा।
किसान रामदीन, कुंवरलाल, हरी सिंह आदि ने बताया कि सुबह से लंबी लाइन में लगने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिली। वह एक सप्ताह से चक्कर लगा रहे हैं। समय पर खाद न मिलने से बोआई प्रभावित होगी। बाद में एसडीएम ने निजी खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक का सत्यापन व ओवर रेटिंग की जांच की। साथ ही जांच के लिए सैंपल एकत्रित किए गए। उन्होंने तत्काल सूची बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने समिति प्रभारी और निजी खाद विक्रेता को नियमानुसार खाद का वितरण कराए जाने के लिए कहा।