महोबा/चरखारी। किसानों को मिनी किट के रूप में निशुल्क बंटने के लिए आए चने के बीज की 100 बोरी पिकअप से कालाबाजारी के लिए ले जाई जा रही थी। अफसरों की जांच में इसकी पुष्टि होने पर कृषि बीज भंडार के प्रभारी और कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही दोनों को निलंबित कर दिया गया है।
कृषि बीज भंडार चरखारी से करीब 100 बोरी चने का बीज (प्रति बोरी 32 किलो) पिकअप से जा रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर बुधवार की देर शाम भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने चालक व केंद्र प्रभारी से बीज ले जाने से संबंधित जानकारी ली थी लेकिन वह किसी अधिकारी का आदेश नहीं दिखा सके थे। तब नाराज विधायक ने केंद्र प्रभारी को थप्पड़ जड़ते हुए किसानों का हक डकारने का आरोप लगाकर कृषि विभाग के अधिकारियों को सूचना दी थी।
उप कृषि निदेशक रामसजीवन ने पूरे मामले की जांच की तो सामने आया कि पिकअप में लादकर किसानों के लिए बंटने आया बीज चोरी से ले जाया जा रहा था। उन्होंने राजकीय कृषि बीज भंडार कुलपहाड़ के प्रभारी से इस विषय में बातचीत की तो बताया कि उन्होंने किसी प्रकार के बीज की मांग नहीं की। वहीं, चरखारी बीज भंडार के प्रभारी सोने सिंह ने बताया कि उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राधेश्याम के कहने पर 100 बोरी चने का बीज लोड कराया था। जांच में गोदाम में रखे बीज को चोरी कर दूसरे स्थान पर भेजे जाने की पुष्टि हुई।
जिला कृषि अधिकारी प्रकाश चंद्र विश्वकर्मा ने कोतवाली चरखारी में कृषि बीज भंडार चरखारी के प्रभारी सोने सिंह व कर्मचारी राधेश्याम साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, उप कृषि निदेशक ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व इंद्र नंदन सिंह का कहना है कि बीज ले जाने से संबंध में किसी प्रकार की जानकारी न देने से स्पष्ट है कि बीज को बिक्री करने के उद्देश्य से दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घोटालों के लिए चर्चा में रहा है जिला
महोबा। कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए जिले को भले ही नई दिल्ली में पुरस्कृत किया गया हो लेकिन इस विभाग में घोटाले नहीं रुक रहे हैं। जनपद महोबा घोटालों के लिए चर्चा में रहा है। वर्ष 2023-24 में खरीफ में करीब 40 करोड़ का फसल बीमा घोटाला हुआ। घोटालेबाजों ने किसानों के साथ नदी, तालाब, नाले, वन, बंजर आदि भूमि को अपना दर्शाकर लाखों का क्लेम निकाल लिया। इसके बाद वर्ष 2026 में खरीफ सीजन में जिले में मूंगफली बीज घोटाला हुआ जिसमें किसानों को आधा-अधूरा बीज देकर सैकड़ों क्विंटल बीज हड़प लिया गया। अब कालाबाजारी के लिए जा रहा 100 बोरी चने का बीज पकड़े जाने से इसमें भी बड़े घोटाला उजागर होने की आशंका है।
टेस्टिंग के लिए किसानों को बांटी जा रहीं बीज की किट
महोबा। भारत सरकार की ओर से जिन नए बीज का अनुसंधान किया जाता है। उनकी टेस्टिंग के लिए विभिन्न क्षेत्रों में किसानों को निशुल्क बीज मिनी किट के रूप में उपलब्ध कराया जाता है। इस साल रबी फसल के लिए लाही, अलसी व चने के बीज की किट बांटी जा रही है। जिन्हें ऑनलाइन आवेदन पर लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को दिया जा रहा है। चने की मिनी किट में 20 किलो बीज रहता है, जो एक बीघे के लिए किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है लेकिन विभागीय कर्मचारी किसानों के हक पर डाका डाल रहे हैं।