कबरई/कुलपहाड़। कस्बे के प्राचीन तीन दिवसीय सिद्धबाबा मेले का मंगलवार से शुभारंभ हो गया। पहले दिन मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने सिद्ध बाबा के दरबार में माथा टेकने के बाद मेले का आनंद लिया। वहीं ग्राम मुढ़ारी में आयोजित मेले में लोकगीतों की प्रस्तुति देखने के लोग देर रात तक डटे रहे।
कस्बे के सिद्धबाबा मंदिर परिसर में दिवाली को दोज से तीन दिवसीय मेला लगता है। जिसकी मंगलवार से शुरूआत हो गई। मान्यता है कि सिद्धबाबा के दर्शन करने से साधक की मनोकामनाएं पूर्ण होती है। पहले दिवारी नृत्य का आयोजन किया गया। मेला आयोजक पूर्व चेयरमैन शिवपाल तिवारी ने बताया कि बुधवार से दो दिवसीय दंगल होगा। जिसमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, एमपी, राजस्थान आदि के पहलवान दांव पेंच दिखाएंगे।
कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम मुढ़ारी में भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह सेंगर ने फीता काटकर किया। मेले में सजी दुकानों से लोगों ने जमकर खरीदारी की। रात के समय बजरंग कीर्तन पार्टी द्वारा लोकगीतों की प्रस्तुति दी गई। लोकगीत पार्टी के संचालक विजयकांत पुरोहित, कलाकार सुरेश तिवारी, दीक्षा कुशवाहा, सोनम, शैलेंद चोबे ने लोकगीत के माध्यम से लोगों का दिल जीत लिया।