महोबा। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में कुलपहाड़ के समीप तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे ट्रक की रोशनी से चकाचौंध में अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में मासूम बच्ची की मौत हो गई जबकि मां समेत दो लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कालीपहाड़ी निवासी गोरीबाई (28) पत्नी मनोज मंगलवार की देर शाम अपने मामा के लड़के आकाश (20) व दो वर्ष की मासूम पुत्री हेमलता के साथ बाइक से पनवाड़ी के प्राचीन देवी मंदिर जा रही थी। तभी हाईवे में कुलपहाड़ के समीप सामने से आ रहे ट्रक की रोशनी की चकाचौंध में बाइक चालक अपना संतुलन खो बैठा। जिससे बाइक फिसल गई। सड़क पर गिरकर तीनों लेेग घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया। जबकि मां व रिश्तेदार मनोज का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का अस्पताल परिसर में रो रोकर बुरा हाल रहा।