अजनर महोबा। थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा में एक शादी समारोह में जयमाला कार्यक्रम शुरु होने से पहले गांव के ही एक युवक ने भारी भीड़भाड़ के बीच घुसकर युवती की मांग भर दी। इससे शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने युवक को लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। नाजुक हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद जयमाला कार्यक्रम हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पचपहरा गांव से रविवार को संतोष की बारात थाना अजनर के ग्राम पुरवा गई थी। जहां पर वधु सुमन जयमाल कार्यक्रम के लिए तैयार होकर जा रही थी। तभी पुरवा गांव का ही राहुल पुत्र बाबूलाल हाथ में सिंदूर लेकर आ धमका और भारी भीड़ भाड़ में घुसकर सुमन की मांग में सिंदूर भर दिया। जिससे शादी समारोह में अफरा तफरा मच गई। कुछ देर के लोग भौचक्का रह गए। वधू पक्ष के लोगों ने राहुल की जमकर पिटाई कर अधमरा कर दिया।
इसके बाद बारात लेकर आए संतोष और सुमन का जयमाल कार्यक्रम हुआ और विवाह की सारी रस्में की गई तथा सोमवार को विदा हुई। राहुल अस्पताल में इलाज करा रहा है। वधु पक्ष के लोगों ने किसी तरह की कोई कार्रवाई
नहीं की है। उधर राहुल का कहना है कि वह सुमन से शादी करना चाहता था और सुमन ने ही उसे फोन करके ही बुलाया था। सुमन के परिजनों ने इससे इंकार किया।