कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बे के पत्थर व्यापारी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 20 लाख रुपये की नगदी और जेवरात पार कर दिए। सुबह परिजनों ने कमरे का ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए।
पुलिस के आने के बाद कमरे के बक्से और अलमारी खोलकर देखा तो नगदी व जेवर मिले। पीड़ित गृहस्वामी के पुत्र ने घटना की तहरीर कोतवाली कुलपहाड़ में दी है।
पत्थर व्यापारी नरेंद्र पालीवाल का पनवाड़ी रोड स्थित आवास है। इसमें चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में प्रवेश हुए। कमरे में रखी अलमारी का लाकर और बक्सों के ताले तोड़कर दो लाख रुपये नगद और सोने चांदी के जेवरात पार कर दिए। जिनकी कुल कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन
बदमाशों ने दूसरे कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। सुबह जागने पर परिजनों ने बाहर निकलना चाहा तो बाहर से कुंडी लगे होने के कारण शोर मचाया। शोरगुल सुनकर पड़ोसियों ने अंदर आकर कुंडी खोली। इसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
पीड़ित गृहस्वामी के पुत्र संतोष पालीवाल ने घटना की तहरीर कोतवाली कुलपहाड़ में दी है। घर में दो-दो लाइसेंसी शस्त्र होने के बाद भी बदमाशों ने साहस दिखाते हुए लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया।
कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ बृजेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। छह माह के अंदर चार व्यापारियों के घरों में चोरी की घटनाएं होने से व्यापारियों में खासा गुस्सा है।