थाना खन्ना के ग्राम मवई में चोरों ने रविवार की रात
दो घरों में चोरी की। एक घर में पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे चोर जेवर
और नगदी समेत लाखों रुपये का माल समेट ले गए।
दूसरे घर में चोर
छप्पर से चढ़कर घुसे। यहां से चोर हजारों रुपये और जेवर उठा ले गए।
पीड़ितों ने घटना की तहरीर थाना खन्ना में दी है। पुलिस मामले की जांच कर
रही है। चोरी की घटना से ग्रामीण दहशत में हैं।
ग्राम मवई निवासी
जनक पाठक रविवार की रात में बिजली न आने के कारण गर्मी से परेशान होकर
परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर पीछे की दीवार फांदकर मकान
के अंदर घुस गए। कमरे का ताला तोड़कर चोर सूटकेस उठा ले गए।
सूटकेस
में सोने-चांदी के जेवर और नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति थी।
सुबह परिजन सोकर उठे तो देखा कमरे का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो
सामान भी बिखरा था। जनक पाठक ने घटना की तहरीर थाना खन्ना में दे दी है।
इसके
बाद चोरों ने गांव के ही मुन्नी यादव के घर को निशाना बनाया। चोर छप्पर से
चढ़कर घर में घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर चांदी के जेवर, नकदी और कीमती
कपड़े उठा ले गए। सुबह चोरी की जानकारी हुई तो पीड़ित ने घटना की तहरीर
थाना खन्ना में दी।
पुलिस चोरी की दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। एक ही रात गांव के दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं।