झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर पिपरी पुल के समीप 100 मीटर के अंदर एक युवक और वृद्ध के शव मिलने पर सनसनी फैल गई। शवों के छत-विछत होने पर लोगों में हत्या करके फेंके जाने की अफवाह फैल गई। पुलिस ने पहुंचकर पड़ताल की और दोनों शवों की शिनाख्त कराई। परिजनों ने हत्या करने जैसे कोई भी आरोप नहीं लगाए हैं।
एक शव की शिनाख्त गड़ौरा गांव निवासी ऊदल अहिरवार के बेटे पूरन (37) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि पूरन शराब का आदी था। जिससे आए दिन घर में विवाद होता था। रविवार रात परिजनों से बिना बताए पूरन घर से निकल गया और ट्रेन से कटकर जान दे दी।
ट्रैक पर चंद कदम दूरी पर मिले दूसरे शव की शिनाख्त चार घंटे बाद हो सकी। उसके पास से महोबा से हरपालपुर का टिकट और एक मोबाइल मिला। मोबाइल के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। उसकी शिनाख्त बृजगोपाल (62) निवासी ग्राम नवरिया हरपालपुर के रूप में हुई। माना जा रहा है कि वृद्ध चलती ट्रेन से ट्रैक पर गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष महोबकंठ उमापति मिश्रा का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।