रेलवे स्टेशन महोबा पर एक युवती से छेड़छाड़ करने के आरोप में पिटे पालीटेक्निक छात्र ने रविवार देर रात अपने साथियों को रेलवे स्टेशन बुला कर ट्रेन की बोगी में बैठी युवती व उसके परिजनों पर पथराव किया। छात्रों के हंगामे और पथराव से बोगी के कई शीशे टूट गए। छात्र मौके पर पहुंची जीआरपी से भी
भिड़ गए। पर, कुछ देर में पहुंची पुलिस फोर्स आने के बाद भाग निकले। ट्रेन भी स्टेशन से निकल गई। मामले में अब तक किसी छात्र पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। रविवार को खजुराहो से चलकर बाया महोबा बनारस जाने वाली लिंक ट्रेन करीब रात में 12 बजे रेलवे स्टेशन महोबा आई और झांसी से बनारस
जाने वाली एक्सप्रेस गाड़ी के इंतजार में प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी हो गई। तभी खजुराहो निवासी एक युवती रेलवे स्टेशन पर पानी लेने के लिए ट्रेन से उतरी। उसी समय स्टेशन पर घूम रहे एक पालीटेक्निकछात्र ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। यह बात युवती ने परिजनों को बताई। गुस्साए परिजनों ने
स्टेशन पर उतरकर छात्र की पिटाई कर दी।लेकिन, पिटाई से आहत छात्र ने कुछ ही देर में फोन करके पालीटेक्निक से अपने साथी छात्रों को बुला लिया। इसके बाद आधा सैकड़ा से ज्यादा छात्रों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा काटा और युवती की बोगी में घुसने लगे। लेकिन, युवती के परिजनों ने तुरंत बोगी बंद
कर दी। इससे नाराज छात्रों ने पथराव कर बोगी के दो शीशे तोड़ दिए।मौके पर पहुंची जीआरपी से भी छात्र भिड़ गए और हंगामा करते रहे। मामला बढ़ते देख कोतवाली पुलिस को बुला लिया गया। इसके बाद कोतवाली प्रभारी जेपी यादव ने समझा बुझा कर छात्रों को भगाया। ट्रेन के रवाना होने तक पुलिस स्टेशन में खड़ी रही। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।