अमर उजाला ब्यूरो
मुहम्मदाबाद। डकोर के ऐरी गांव में महिला की संदिग्ध हालत में हुई हत्या के मामले मायके पक्ष ने महिला के साथ कई बार मारपीट किए जाने की बात बताई है। फिलहाल अभी तक मायके पक्ष ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बता दें कि ऐरी गांव निवासी मिथलेश (26) पत्नी पूरन की शनिवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। उसका शव गांव के बाहर जंगल में एक नाले में पड़ा मिला था। वह पति के साथ जंगल से लकड़ी लेने गई थी।
पति पूरन ने बताया था कि नाले किनारे लगे पेड़ से बेर तोड़ते समय मिथलेश का पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरी, जिससे उसकी मौत हुई है। वहीं उसकी बात पर संदेह होने पर पुलिस ने पूरन व उसके पिता मूलचंद व चाचा दीवान को हिरासत में लिया था।
रविवार को महिला का पोस्टमार्टम किया गया, लेकिन रिपोर्ट पुलिस के पास न पहुंचने से कारण पता नहीं चल सका। वहीं मिथलेश के पिता बद्रीप्रसाद व मां केशकुमारी निवासी ग्राम सुगरा थाना कुलपहाड़ महोबा ने बेटी के साथ आए मारपीट होने की बात बताई।
उनका कहना है कि ससुरालीजन आए दिन मिथलेश के साथ मारपीट करते थे। उसने कई बार फोन कर यह बताई थी। फिलहाल मायके पक्ष ने अभी ससुरालियों के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन किए जाने की बात कह रही है।