कर्ज में डूबे किसान की बुधवार की सुबह सदमे से मौत हो गई। किसान पर बैंक का 49 हजार और साहूकारों का 70 हजार रुपये कर्ज था। किसान की मौत से परिजन हाल हैं। पत्नी को दोनो बेटियाें की शादी और परवरिश की चिंता सता रही है।
थाना महोबकंठ के ग्राम घुटई निवासी रामकृपाल (45) ने यूपी इलाहाबाद ग्रामीण बैंक महोब कंठ से 49 हजार रुपये कर्ज लिया था। सूखा पड़ जाने से किसान ने 70 हजार रुपये गांव के लोगों से कर्ज लिया था। रामकृपाल के नाम एक एकड़ जमीन है। इसके बाद भी उसका नाम कर्जमाफी सूची में नहीं आया।
विज्ञापन
रामकृपाल को इस साल अच्छी फसल की उम्मीद थी, लेकिन सूखा पड़ जाने से फसल अच्छी नहीं है। अन्ना मवेशियों से फसल बचाने के लिए वह खेत में लेटा हुआ था। बुधवार की सुबह उसके सीने में दर्द हुआ। चीखने चिल्लाने पर आसपास के लोग उसे घर ले आए। वहां से अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी प्यारी का कहना है कि वह फसल अच्छी न होने और कर्ज को लेकर परेशान थे। बेटियों की शादी को लेकर खासे चिंतित थे। किसान की दो बेटियां और दो बेटे हैं। घर में रोना मचा हुआ है।
तहसीलदार अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि किसान की मौत की जानकारी मिली है। लेखपाल को मौके पर भेज दिया है। लेखपाल को मृतक के परिजनों को सहायता दिलाने के आदेश दिए हैं।