सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी के समीप चाय पान की गुमटी का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों का माल चोरी कर लिया। एक माह पहले भी दुकान से चोरी हो चुकी है। पीड़ित दुकानदार ने घटना की तहरीर कोतवाली चरखारी में सौंप दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कस्बा चरखारी के मोहल्ला खंदिया निवासी सुरेश पुत्र घसीटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी के सामने चाय पान की गुमटी है। शनिवार को सुरेश परिवार समेत रिश्तेदारी में गया था। तभी चोरों ने गुमटी का ताला तोड़कर वहां रखी गुटखा, सिगरेट, बिस्कुट समेत हजारों का माल चोरी कर लिया। रविवार को दुकान पहुंचे पीड़ित ने जब ताला टूटा व सामान गायब देखा तो उसे घटना की जानकारी हुई।
पीड़ित ने कोतवाली चरखारी पहुंच घटना की तहरीर सौंपी। पीड़ित ने बताया कि सात जनवरी को भी चोरों ने गुमटी का ताला तोड़कर हजारों का माल चोरी कर लिया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। मुकदमा दर्ज कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।