महोबा। चरखारी महोबा मार्ग में ग्राम करहराकला के समीप तेज रफ्तार डंफर की टक्कर से बाइक सवार कर्मचारी की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जनपद बांदा के बबेरू निवासी संतोष कुमार कुशवाहा 28 चरखारी के जीजीआईसी में कर्मचारी है। संतोष कस्बा चरखारी में ही निवास बनाकर रहता था। बुधवार को संतोष अपने साथी संदीप के साथ बाइक से डीआईओएस कार्यालय महोबा आ रहा था। तभी चरखारी की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंफर ने बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे बाइक सवार युवक उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां संतोष की मौत हो गई जबकि संदीप का उपचार चल रहा है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।