कनकुआ (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में दाल मिल के समीप तेज रफ्तार कार और बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। मृतक के पिता ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई। दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
थाना महोबकंठ के ग्राम सौरा निवासी कौशलेंद्र सिंह (27) पुत्र नागेंद्र सिंह अपने साथी सौरा निवासी राजा भइया (40) पुत्र चुन्नी सिंह और उदेश अहिरवार (25) पुत्र बाबा अहिरवार निवासी हरपालपुर के साथ शुक्रवार की रात बाइक से हरपालपुर जा रहे थे। हाईवे में दाल मिल के समीप नौगांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कौशलेंद्र का हाथ और पैर कट जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य बाइक सवार घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद कार चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रुप से घायल बाइक सवार राजा भईया व उदेश अहिरवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया। जहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल छतरपुर को रेफर कर दिया। छतरपुर में इलाज दौरान राजा भइया की भी मौत हो गई।
मृतक कौशलेंद्र के पिता नागेंद्र की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
इनसेट
हाईवे की खुदी पड़ी साइड बनी हादसे की वजह
झांसी-मिर्जापुर हाईवे में खुदी पड़ी साइड दुर्घटना का कारण बनी। मिट्टी खोदकर डाल दिए जाने से आए दिन वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। सड़क की साइड खुदी होने के चलते बाइक सवार नीचे नहीं उतर सके और सामने से आ रही इंडिगो कार से भिड़ंत हो गई। जिससे दो युवकों की जान चली गई। हाईवे की साइड खुदी होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों में आक्रोश है।