थाना पनवाड़ी क्षेत्र के ग्राम बुड़ेरा में पुरानी रंजिश में दबंगों ने धारदार हथियार से हमला बोल दंपति सहित तीन को लहूलुहान कर दिया। घटना की तहरीर थाने में सौंपी गई। घायलों को सीएचसी पनवाड़ी से जिला अस्पताल रिफर किया गया है।
ग्राम बुडे़रा निवासी गया प्रसाद की गांव में ही पुरानी रंजिश चलती है। बुधवार शाम कहासुनी होने पर दबंग लाठी, डंडे व कुल्हाड़ी लेकर गयाप्रसाद के दरवाजे आ धमके। गाली गलौज का विरोध करने पर दबंगाें ने कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। जिससे गयाप्रसाद घायल होकर गिर गया। चीखपुकार सुन पति को बचाने दौड़ी पत्नी और पुत्र वीरेंद्र को भी दबंगाें ने पीटकर घायल कर दिया।
मारपीट की घटना देख ग्रामीण एकत्र हो गए और बीचबचाव कर मामला शांत कराया। घायलों ने थाने पहुंच घटना की तहरीर सौंपी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पनवाड़ी पहुंचाया। जहां से हालत में सुधार न होने पर सभी घायलों को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू की है।