मामूली विवाद में पूर्व प्रधान को लाठी डंडे से पीटा
महोबा। विकासखंड पनवाड़ी की ग्राम पंचायत बहादुरपुरा में मामूली विवाद को लेकर दबंगों ने पूर्व प्रधान को लाठी डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
ग्राम बहादुरपुरा निवासी पूर्व प्रधान फूलचंद्र अहिरवार ने मंगलवार को ट्रैक्टर ट्राली से भूसा मंगाया। भूसा दरवाजे में पलटने के बाद पूर्व प्रधान उसे मकान के अंदर रखवा रहा था। तभी गांव के ही दबंगों ने सड़क पर भूसा डालने का विरोध करते हुए गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दबंगों ने पूर्व प्रधान के साथ लाठी डंडे से मारपीट कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूर्व प्रधान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की तहरीर थाना पनवाड़ी में सौंप दी गई है। ब्यूरो