लापता छात्र का आठ दिन बाद तालाब में उतराता मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई के मोहल्ला विवेक नगर से आठ दिन पहले लापता छात्र का शव वर्मा तालाब के समीप स्थित पत्थर खदान में भरे पानी में उतराता मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक छात्र का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया और वीडियोग्राफी भी हुई।
मोहल्ला विवेकनगर निवासी यश विश्वकर्मा (16) पुत्र रमेश विश्वकर्मा हाईस्कूल का छात्र था। 9 फरवरी की दोपहर वह खाना खाने के बाद करीब ढाई बजे साइकिल से वर्मा तालाब की ओर घूमने निकल गया। देर शाम तक उनके घर वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की तो वर्मा तालाब के समीप पानी से लबालब भरी पत्थर खदान के पास छात्र की साइकिल व चप्पल पड़ी मिलीं, जिससे परिजनों ने छात्र के पानी में डूबने की आशंका जताई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गोताखोर बुलाकर छात्र की तलाश कराई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। तीसरे दिन आर्मी की फ्लड टीम ने तालाब के पानी में कंपन पैदा कर छात्र को खोजने की कोशिश दिन भर की फिर भी छात्र का पता नहीं चला। तब पुलिस ने तालाब का पानी खाली कराने के लिए मशीनें लगवाई। शनिवार की सुबह यश विश्वकर्मा का शव पानी में उतराता मिला। सूचना पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष कबरई अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सीएमओ से आदेश कराकर दो डॉक्टरों के पैनल से पीएम कराया गया है। साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई गई। ताकि किसी प्रकार का कोई संदेह न रह जाए।