महोबा। कानपुर-सागर हाईवे में बाइक सवार किसान को दो बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट लिया। ओवरटेक कर बाइक रोकने के बाद बदमाश किसान के कब्जे से 50 हजार की नगदी से भरा बैग ले गए। लुटे पिटे पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
ग्राम ननौरा निवासी किसान राजेश पटेल सोमवार को बाइक से महोबा आया था। उसने कृषि कार्य के लिए सेंट्रल बैंक महोबा से 50 हजार रुपये निकाले और बैंग में रख लिए। इसके बाद राजेश बाइक से अपने गांव वापस लौटने लगा। तभी हाईवे में पलका पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक करके किसान की बाइक रोक ली और मारपीट करते हुए 50 हजार की नगदी से भरा बैग लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश महोबा की ओर भागे। तब पीड़ित ने पुलिस को सूचना देते हुए बदमाशों का पीछा किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंच बदमाशों की तलाश की। पीड़ित ने घटना की तहरीर शहर कोतवाली में सौंप दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बदमाशों ने दिनदहाड़े किसान से 50 हजार रुपये से भरा बैग लूटा
- कानपुर-सागर हाईवे में पलका पेट्रोल पंप के समीप हुई घटना
- सूचना पर पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी