पनवाड़ी (महोबा)। थाना पनवाड़ी के ग्राम नगाराघाट में मूंगफली की थ्रेसिंग के दौरान अचानक ट्रैक्टर बैक हो जाने से पहिया की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई जबकि चालक का हाथ कट गया। चालक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज झांसी ले जाया गया। सूचना पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
ग्राम नगाराघाट निवासी लल्लूराम (65) पुत्र तातिया के पास 11 बीघा भूमि थी, जिसमें उसने खरीफ फसल के दौरान मूंगफली लगाई थी। मूंगफली उखड़ने के बाद रविवार की रात मड़ाई कराने के लिए किसान ने थ्रेसर मंगाई। थाना पनवाड़ी के ग्राम उल्दन निवासी थ्रेसर मालिक रामसनेही पुत्र चिरंजीलाल ट्रैक्टर और थ्रेसर मशीन लेकर लल्लूराम के खेत पहुंच गया। रात करीब एक बजे मूंगफली की मड़ाई के दौरान ट्रैक्टर अचानक बैक हो गया, जिससे थ्रेसर के आगे खड़ा लल्लूराम गिरकर पहिए के चपेट में आ गया जबकि चालक रामसनेही का थ्रेसर में हाथ फंस जाने से कट गया। आस-पास मौजूद लोगों ने किसी तरह ट्रैक्टर को बंद किया। दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय लल्लूराम की रास्ते में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार सुबोधमणि शर्मा ने गांव पहुंच घटना की जांच की। मृतक के पुत्र राजकुमार ने बताया कि उसके पिता के ऊपर इलाहाबाद ग्रामीण बैंक मसूदपुरा से किसान क्रेडिट कार्ड पर 90 हजार रुपये का कर्ज था। घटना से मृतक के पुत्र और पत्नी पानकुंवर का रो-रोकर बुरा हाल है। तहसीलदार ने मृतक के परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाए जाने का भरोसा दिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थ्रेसर की चपेट में आकर किसान की मौत, चालक का हाथ कटा
- मूंगफली की थ्रेसिंग के दौरान अचानक ट्रैक्टर बैक होने से हुआ हादसा
- घटना से परिजनों में मचा कोहराम, तहसीलदार ने मौके पर पहुंच की जांच