दरवाजे में मिट्टी डालने का विरोध करने पर दो भाइयों को पीटा
महोबा। शहर के मोहल्ला नयापुरा नैकाना में दरवाजे पर मिट्टी डालकर रास्ता बंद करने का विरोध करने पर दबंगों ने दो भाइयों को पीटकर घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला नयापुरा नैकाना निवासी कृष्णकुमार पुत्र रामकृपाल घर के दरवाजे पर खड़ा था। तभी पड़ोस में रहने वाले दबंगों ने पहाड़ की मिट्टी खोदकर कृष्णकुमार के दरवाजे पर डाल दी और रास्ता बंद करने लगे। मिट्टी डालने का विरोध करने पर दबंगों ने गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिससे कृष्ण कुमार घायल हो गया। शोर शराबा सुनकर भाई को बचाने दौड़े योगेश को भी दबंगों ने पीटा।
पीड़ितों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने राजेश, मोहित व साधना के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ितों का आरोप है कि उनके दरवाजे पर मिट्टी डालकर रास्ता बंद करने और घर से न निकलने देने की धमकी दी गई है।