महोबा। करीब डेढ़ साल पहले हुए निकाय चुनाव के दौरान थाना खरेला में जमा किया गया रिवाल्वर गायब हो जाने पर शस्त्रधारक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर रिवाल्वर दिलाए जाने की मांग की है। उधर सदर विधायक ने भी पीड़ित शस्त्रधारक के शिकायती पत्र पर एसपी को शस्त्रधारक का रिवाल्वर दिलाए जाने को लिखा है। विधायक के हस्तक्षेप के बाद खरेला पुलिस की नींद उड़ गई है।
कस्बा खरेला के मोहल्ला मानिक निवासी अरविंद पचौरी ने पुलिस अधीक्षक स्वामीनाथ को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 10 अक्तूबर 2017 को उसने अपना लाइसेंसी रिवाल्वर निकाय चुनाव के दौरान थाना खरेला में जमा कर दिया था। तब से वह रिवाल्वर पाने के लिए थाना खरेला के चक्कर काट रहा है ।
एसपी का कहना है कि रिवाल्वर जमा करने वाले हेड मुहर्रिर ट्रेनिंग पर गए हुए हैं। इसलिए दूसरे लोगों को रिवाल्वर की जानकारी नहीं है। ट्रेनिंग से आने के बाद रिवाल्वर दिलाया जाएगा।
थाने में जमा रिवाल्वर गायब, भटक रहा पीड़ित