कबरई (महोबा)। थाना कबरई के ग्राम सिंघनपुर बघारी में पारिवारिक विवाद को लेकर एक महिला ने मकान के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
ग्राम सिंघनपुर बघारी निवासी रजनी (30) पत्नी चंद्रभान का सोमवार को सोमवार को मकान का बंटवारा हुआ था। बंटवारे के बाद पत्नी का पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। परिजन अपने अपने काम से खेतों की ओर चले गए। तभी रजनी ने मकान के कमरे में रस्सी से फांसी लगा ली। देर शाम जब परिजन खेतों से घर वापस लौटे तो महिला को फांसी पर झूलता शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल थाना कबरई पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच की। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रजनी की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। घटना से उसके दो पुत्र व एक पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष कबरई विपिन त्रिवेदी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आ रहा है।
महिला ने फांसी लगाकर दी जान
- घटना से परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस