चोरों ने दिनदहाड़े मकान से नगदी समेत एक लाख का माल उड़ाया
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के ग्राम सिजरिया में शनिवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक मकान में धावा बोलकर 12 हजार की नगदी समेत करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय परिजन खेतों पर काम करने गए थे। सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्राम सिजरिया निवासी धनकुंवर पत्नी स्व. छत्रपाल राजपूत शनिवार की सुबह मकान में ताला लगाकर अपनी पुत्री सीमा के साथ खेतों पर काम करने गई थी। तभी दोपहर के समय चोरों ने मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया। चोर अटैची व बख्शों के ताले तोड़कर वहां रखी 12 हजार की नगदी, ढाई तोला सोना और 250 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। दोपहर बाद जब परिजन खाना खाने के लिए घर लौटे तो कमरे का ताला टूटा और माल गायब देख उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना तत्काल थाना श्रीनगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़िता धनकुंवर ने बताया कि शुक्रवार को उसने बैंक से पैसे निकाले थे, जिससे खेत में बोई गई फसल की सिंचाई हो सके लेकिन चोरी नगदी के साथ आभूषण भी चोरी कर ले गए, जिससे वह परेशान है। थानाध्यक्ष बलजीत सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।