श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के ग्राम सिजहरी में तीन दिन पहले शराब पीने से मना करने पर पति ने पत्नी की डंडे से पिटाई कर मौत के घाट उतार दिया था। फरार चल रहे पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मारपीट में प्रयुक्त किया गया डंडा भी बरामद किया है।
ग्राम सिजहरी निवासी शंभूदयाल आठ जून की रात शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी अनीता देवी से शराब के लिए पैसे की मांगने लगा। जब पत्नी ने शराब पीने से मना किया तो शंभूदयाल ने कमरे में बंद कर उसकी डंडे से बुरी तरह पीटा। जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद पति फरार हो गया था। मृतका के पिता ग्राम चेराई जिला फतेहपुर निवासी रामभुवन यादव ने थाना श्रीनगर में शंभू दयाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सरोज को मंगलवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सूरा चौकी पर कहीं भागने की फिराक में बस का इंतजार कर रहा है। थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पति ने कबूल किया कि उसने पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगे थे। न देने पर उसने लाठी-डंडे से पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।