महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
शहर के मोहल्ला समदनगर निवासी सुमित गुप्ता (25) पुत्र रामस्वरूप गुप्ता अपने साथी बॉबी (24) पुत्र पीर अली शनिवार को छतरपुर से वाया अजनर होकर महोबा की तरफ आ रहे थे। तभी अजनर पुलिया के पास सामने से आ रहे बाइक को बचाने के चक्कर में मिठुआ तालाब के पास बाइक पुलिया से टकरा गई। जिससे सुमित गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि बॉबी को नाजुक हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अजनर से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली चरखारी के ग्राम सालट निवासी पुष्पेंद्र (18) बाइक से महोबा आ रहा था। तभी रास्ते में सड़क पर आए जानवर को बचाने के चक्कर में बाइक फिसल गई। जिससे वह गिरकर घायल हो गया। इसी तरह गांधीनगर निवासी मंजीत कुमार व धवारी निवासी अर्जुन अलग-अलग स्थानों पर बाइकों की भिड़ंत में घायल हो गए। सुभाष नगर निवासी कार्तिक (08) पुत्र प्रदीप व पवा निवासी नंदनी (09) पुत्री अमर सिंह छत में खेलते समय गिरकर घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वाहन की टक्कर से राष्ट्रीय पक्षी की मौत
कबरई। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में कस्बा कबरई के समीप सड़क पर आए राष्ट्रीय पक्षी की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। सूचना पर कबरई पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृत मोर का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सालय में कराने के बाद दफना दिया। राष्ट्रीय पक्षी जंगल से सड़क पर कैसे पहुंचा। यह स्पष्ट नहीं हो सका।