महोबा। थाना श्रीनगर के ग्राम पवा में हार्टअटैक से एक अधेड़ की हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाने पर उसकी मौत हो गई। पति के मौत की खबर मिलने पर पत्नी अचेत हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। डाक्टरों से गालीगलौज व अभद्रता किए जाने की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामला शांत कराया। करीब दो घंटे तक हंगामे में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती अन्य मरीज सहमे रहे।
ग्राम पवा निवासी बृजमोहन मिश्रा 47 पुत्र प्रेमनारायण पूजा अर्चना कराने का कार्य करते थे। बुधवार की शाम वह मुख्यालय में श्राद्घ भोज में शामिल होने आए थे। वापस घर पहुंचने पर अचानक अटैक पड़ा और वह जमीन में गिर गए। आनन फानन में परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां उसकी मौत हो गई। परिजन मृतक का शव वापस घर ले गए। पति की मौत होने पर पत्नी सविता की हालत बिगड़ गई।
महिला के होश में न आने पर परिजन उसे रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल लाए लेकिन सीट पर डाक्टर के न होने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कर्मचारियों और डाक्टर से अभद्रता व गालीगलौज की गई। जिससे अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। भर्ती मरीज और उनके तीमारदार सहम गए। पुत्र भाष्कर ने आरोप लगाया कि डाक्टर और कर्मचारियों ने इलाज में लापरवाही की।
अस्पताल पहुंचने पर मिन्नत करने के बाद भी डाक्टर देखने नही पहुंचे। बाद में उपचार शुरू किया गया। रात्रि दो बजे तक अस्पताल में हंगामा चलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने हंगामा शांत कराया। तब मरीजों ने राहत महसूस की। उधर, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. उदयवीर सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। बृजमोहन को मृत अवस्था में लाया गया है। महिला का उपचार किया गया। परिजनों के बेवजह हंगामा काटने पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई थी।