अमर उजाला ब्यूरो
अजनर (महोबा)। थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरिया में कर्ज से परेशान एक किसान की सदमे से मौत हो गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार कुलपहाड़ और लेखपाल को मौके पर भेजा है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है।
ग्राम टिकरिया निवासी राधेलाल (64) पुत्र दूलीचंद्र गुरुवार की रात को गांव में एक शादी समारोह में गए थे, देर रात वह घर लौट आया और चबूतरे पर बैठ गया। अचानक घबराहट हुई और वह चबूतरे में गिर गया। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई। किसान की मौत की सूचना पर नायब तहसीलदार कुलपहाड़ और लेखपाल गांव पहुंचे। एसडीएम रामहर्ष मौर्य का कहना है कि कृषक के पास छह बीघा जमीन है। जिसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सदमे से मौत होने पर कृषक को उचित लाभ दिलाया जाएगा।
मृतक के पुत्र प्रताप ने बताया कि पिता ने पांच साल पहले कर्ज लिया था। स्टेट बैंक का चार लाख रुपये और को-आपरेटिव बैंक का एक लाख रुपये था। जिसे वह फसल आने पर धीरे धीरे अदा करने की बात कह रहे थे लेकिन इस साल सूखा पड़ जाने से खेतों में बीज तक नहीं निकला। जिससे पिता परेशान रहते थे और बैंक के कर्ज को लेकर अक्सर उदास रहते थे। गुरुवार रात को सदमा लगने से उनकी मौत हो गई।