पनवाड़ी (महोबा)। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत सात लाख के जेवरात पार कर दिए। बेटी की शादी के लिए बनवाए गए गहने भी चोरी हो जाने से पीड़ित परिवार परेशान है।
धरवार निवासी हरनारायण रैकवार दिल्ली में रहकर ठेकेदारी करता है। उसके दो भाई वहीं मजदूरी करते हैं। मां ललिता घर पर रहती थी। मां की आंख का ऑपरेशन कराने के लिए बेटा चार दिन पहले उसे दिल्ली ले गया था। सोमवार की रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर 70 हजार रुपये, तीन मंगलसूत्र, झुमकी, लॉकेट, हार समेत 10 तोला सोने के आभूषण और चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
मंगलवार की सुबह चाचा भरतलाल खेतों से घर लौटा तो ताले टूटे व समान बिखरा देख दिल्ली में रह रहे भतीजों को सूचना दी। हरनारायण ने बताया कि बेटी कविता के रिश्ते की बात चल रही थी। शादी के लिए जेवर बनवाकर घर पर रखे थे। चोर तीनों भाइयों, मां और शादी के लिए बनवाए गए जेवर चोरी कर ले गए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।