महोबा/अजनर। थाना अजनर के महुआबांध गांव में मां-बेटी के शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटकते मिलने के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। मंगलवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने शवों का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के निशान न होने और हैंगिंग से मां-बेटी की मौत होने की पुष्टि हुई है। आधे घंटे के अंतराल में दोनों की मौत हुई।
महेंद्र राजपूत की पत्नी रीता ने सोमवार को पति व ननद पूजा से विवाद के चलते दो साल की मासूम आशी को फंदे पर लटकाकर स्वयं आत्महत्या कर ली थी। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई थी। मंगलवार को डॉ. पंकज राजपूत ने दो चिकित्सकों के पैनल के साथ पोस्टमार्टम किया। चिकित्सक ने बताया कि दोनों की मौत फांसी लगने से हुई है। शरीर में चोटों के निशान नहीं मिले। मृतका के भाई मुकेश व नाना मनीराम ने बताया कि पति नशे का आदि है। वह मृतका की छोटी पुत्री राशि को अपने साथ ननिहाल स्यावन ले गए। वहीं उसकी परवरिश करने की बात कही। थानाध्यक्ष लाखन सिंह का कहना है कि अभी तक किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है।