महोबा/कुलपहाड़। इंडियन बैंक शाखा कुलपहाड़ में खाताधारकों के खाते से लाखों रुपये निकाले जाने के मामले में जांच शुरू हो गई है। इस मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अनुज यादव को निलंबित कर दिया गया है। लखनऊ से दो सदस्यीय ऑडिट टीम ने महोबा में डेरा जमा लिया है।जांच के बाद घोटाले का खुलासा हो सकेगा।
इंडियन बैंक कुलपहाड़ में वर्ष 2019 से 2021 तक अनुज यादव शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात रहे हैं। कुछ माह पहले उनका स्थानांतरण महोबा हो गया था। एक किसान के खाते से तीन लाख रुपये निकाले जाने की शिकायत डीएम व बैंक उच्चाधिकारियों से की गई थी। इसके अलावा अन्य उपभोक्ताओं ने भी लाखों रुपये की धनराशि उनके खातों से निकाले जाने का आरोप लगाया था। एलडीएम आशीष विवेक का कहना है जोनल कार्यालय से बैंक प्रबंधक अनुज यादव के निलंबन का पत्र मिला है। मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई होगी।