जिला अस्पताल में युवक का उपचार करते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। अक्ठौंहा गांव से तीन दिन से लापता युवक को कार सवार अचेत अवस्था में घर के दरवाजे पर फेंक गए। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने युवक को शराब के साथ जहर पिलाने और बेची गई जमीन का तीन लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
शैलेंद्र उर्फ गंधर्व यादव (23) तीन दिन पहले लापता हो गया था। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इस पर पुलिस को सूचना दी थी। सोमवार की दोपहर स्कॉर्पियो सवार शैलेंद्र को अचेत अवस्था में घर के दरवाजे पर छोड़ गए। परिजन आनन-फानन उसे सीएचसी चरखारी ले गए। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में शैलेंद्र की बहन पूजा ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो सवारों ने उसके भाई को शराब के साथ जहर पिलाया। इससे उसकी हालत बिगड़ी। कुछ दिन पहले जमीन बेची थी। इसका तीन लाख रुपये शैलेंद्र के पास था।
आरोप है कि आरोपी तीन दिन तक उसे गायब किए रहे और तीन लाख रुपये हड़प लिए। कोतवाली प्रभारी उमापति मिश्रा का कहना है कि दो दिन पहले शैलेंद्र की पत्नी और बहन पूजा ने शराब पीकर विवाद करने और जमीन विक्रय करने से रोकने की सूचना दी थी। अन्य आरोपों की जांच कराई जाएगी।